खाद्य विभाग का छापा-एक करोड़ से ज्यादा कीमत का गुटखा बरामद

वीसीएन टाइम्स
2 Min Read

रायपुर। मंदिरहसौद इलाके में खाद्य विभाग ने मंगलवार देर रात एक गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री में दबिश देकर लगभग एक करोड़ से ज्यादा कीमत का गुटखा बरामद किया है। इस अवैध फैक्ट्री में कई बड़े ब्रांडेड कंपनियों का गुटखा तैयार किया जा रहा था। खाद्य विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि फैक्ट्री में नकली गुटखा बनाया जा रहा था।

अधिकारियों ने जब फैक्ट्री में दबिश दी तो सुपरवाइजर और जिम्मेदार वहां से फरार हो गए। मौके पर केवल फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर ही पकड़े गए। जांच के बाद पता चला कि ये अवैध फैक्ट्री दुर्ग के किसी गुरमुख जुमनानी नाम के व्यक्ति की है।खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में सैकड़ों बंडल जर्दा युक्त गुटखा और उसे बनाने वाला सामान, सुपारी और पाउच जब्त किए गए हैं। इसे बनाने के लिए यहां रखी गई 23 मशीनों को भी जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों को शक है कि यहां लंबे समय से नकली गुटखा बनाने का काम चल रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि जब फैक्ट्री में छापा मारा गया तो वहां करीब दो दर्जन मजदूर मिले। ये मजदूर मध्यप्रदेश, झारखंड और राजस्थान के रहने वाले हैं। उनसे पूछताछ में पता चला है कि रोजाना करीब 300-400 बोरा माल वे बनाकर सप्लाई करते थे। प्रति बोरे में जाने वाले गुटखा करीब 10 हजार रूपए का होता था। मजदूरों ने अधिकारियों को बताया कि वे रात 10 बजे के बाद काम शुरू करते थे और सुबह में ये फैक्ट्री बंद रहती थी और यहां से गुटखा सप्लाई का काम सुबह 4 बजे से 6 बजे के बीच ही होता था।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *