
भारत जोड़ो यात्रा की सफलता और अडाणी की सच्चाई खुलने से भाजपा हताश है-भूपेश
रायपुर। सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के 6 कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर छापा मारा। इसमें विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हैं। इसे कोयला लेवी घोटाले के पूर्व की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। यह कार्रवाई ऐसे मौके पर हो रही है जब कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन चार दिन बाद रायपुर में होना है। कांग्रेस ने इसे बदले की कार्रवाई करार दिया है। ईडी दफ्तर का घेराव करते हुए उन्होने विरोध प्रदर्शित किया है वहीं मुख्यमंत्री ने कहा है कि ऐसे राजनीतिक प्रेरित छापों से कांग्रेस डरने वाले नहीं बल्कि डटकर मुकाबला करेगी।
प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष सन्नी अग्रवाल और विनोद तिवारी पर ईडी ने कार्रवाई की है। इनसे जुड़े रायपुर की श्रीराम नगर, डीडी नगर, गीतांजलि नगर, मोवा में छापे मारे गए। खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन और सारंगढ़ विधायक चंद्रदेव राय के घर भी कार्रवाई चल रही है। भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव और उनके भाई धर्मेंद्र यादव के यहां ईडी का छापा पड़ा। देवेंद्र यादव के भिलाई और रायपुर में सरकारी बंगले पर टीमों ने छापा मारा।
इधर भूपेश बघेल ने सोमवार को ट्वीट कर ईडी के छापों की जानकारी दी। उन्होने लिखा- प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष और विधायक समेत कई साथियों के घरों पर ईडी ने छापा मारा है। 4 दिन के बाद रायपुर में कांग्रेस का महाधिवेशन है। तैयारियों में लगे साथियों को इस तरह रोककर हमारे हौसले नहीं तोड़े जा सकते। भारत जोड़ो की सफलता और अडाणी की सच्चाई खुलने से भाजपा हताश है। यह ध्यान भटकाने का प्रयास है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।