बिलासपुर नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर पूजा विधानी और सभी 70 पार्षद आज सुबह शपथ लेंगे। मुंगेली नाका मैदान में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और डिप्टी सीएम अरूण साव विशेष अतिथि रहेंगे। पूजा विधानी शहर की 12 वें और दूसरी महिला महापौर बनीं हैं। 10 साल पहले वाणीराव पहली बार महिला मेयर निर्वाचित हुईं थीं।
बिलासपुर नगर निगम के 70 वार्ड में 49 वार्ड में भाजपा के पार्षदों ने जीत हासिल की है। वहीं, 18 वार्ड में ही कांग्रेस प्रत्याशी सफल हो सके। जबकि, तीन निर्दलीय पार्षदों ने जीत दर्ज की है। 2009 में वाणी राव शहर की पहली महिला मेयर निर्वाचित हुई थी। तब वो कांग्रेस में थीं। लेकिन, अब भाजपा में शामिल हो गईं हैं। निगम में अब तक 11 महापौर बने हैं। इसमें 7 बार कांग्रेस तो 4 बार भाजपा के मेयर रहे। पूजा विधानी अब भाजपा से पांचवीं मेयर हैं।
इस बार ओबीसी (मुक्त) के लिए सीट आरक्षित होने के बावजूद भाजपा ने महिला प्रत्याशी के रूप में पूजा विधानी को टिकट दिया और उन्होंने कांग्रेस के प्रमोद नायक को बड़े अंतर से पराजित कर मेयर की कुर्सी हासिल की है।
शपथ ग्रहण समारोह सुबह ११ब्जे मुंगेली नाका स्थित मैदान में होगा इसके लिए भव्य डोम बनाया गया है, जहां मंच के साथ ही अतिथियों और आगंतुकों की बैठक व्यवस्था की गई है। यहां मेयर पूजा विधानी के साथ ही 70 पार्षदों के लिए अलग से बैठक का इंतजाम किया गया है। जिला प्रशासन ने आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है।
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे.. उनके साथ ही केंद्रीय आवासन और शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरूण साव, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक धर्मजीत सिंह, विधायक सुशांत शुक्ला समेत अन्य जनप्रतिधि और नागरिक उपस्थित रहेंगे।