छत्तीसगढ़ के बस्तर में BJP के नेताओं ने कांग्रेस के MLA, सांसद और मंत्रियों को चैलेंज किया है कि यदि उनमें हिम्मत है तो हमारे साथ गोठान चले। हम उन्हें भ्रष्टाचार की हकीकत दिखाएंगे। गोठानों में न गाय हैं न गोबर, और न ही चारा-पानी। सरकार सिर्फ झूठ बोल रही। BJP नेताओं का आरोप है कि, गोठानों की योजना फेल है। कागजों में कुछ, और हकीकत में कुछ और है।
पूरे CG में भाजपा इस चुनावी साल में ‘चलबो गोठान, खोलबों पोल’ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत पूर्व मंत्री केदार कश्यप समेत BJP के नेताओं ने रविवार करीब 5 से ज्यादा गोठानों का निरीक्षण किया। इनमें नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के भानपुरी मंडल अंतर्गत सालेमेटा, पखनाकोंगेरा, खंडसरा और केशरपाल के गोठान में नेता पहुंचे। ग्रामीणों से बातचीत की।
केदार कश्यप ने दी चुनौती
पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, गोठानों में राशि खर्च करने के बाद भी उसकी हालत खराब है। करोड़ों रुपए खर्च करने पर भी चारा, पानी की व्यवस्था नहीं हैं। गोठान सुनसान है। गाय सड़क और गावों में घूम रही है। गोठान भ्रष्टाचार का चारागाह बनकर रह गया है। केदार ने स्थानीय मंत्री, सांसद, विधायक को चुनौती देते हुए कहा कि, अगर उनमें हिम्मत हैं तो चुनौती स्वीकार करें और हमारे साथ गोठान चलें। हम दिखाएंगे कैसे गोठानो में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार हुआ हैं। क्षेत्र के गोठानों में न गाय है न चारा और न ही पानी है।
केंद्र और पंचायत के पैसों का दुरुपयोग
भाजपा ने कांग्रेस सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के अंतर्गत गोठान को लेकर चलबो गोठान खोलबो पोल योजना बनाई है। BJP नेताओं ने कहा कि, योजना में केंद्र सरकार की राशि एवं पंचायत से मूलभूत एवं 14वें और 15वें वित्त की राशि का उपयोग किया गया है। यह राशि आम जनता के मूलभूत कार्यों में उपयोग होनी थी। लेकिन राशि का बंदरबांट कर दिया गया है।