रायपुर की विशेष अदालत ने कारोबारी अरविंद सिंह को जेल भेज दिया। सोमवार को ED ने रिमांड खत्म होने के बाद इसे कोर्ट में पेश किया। अजय सिंह की विशेष अदालत में तथ्यो को सुनने के बाद न्यायिक रिमांड पर सिंह को सेंट्रल जेल ले जाया गया। 4 जुलाई को अरविंद को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा। ये मामला प्रदेश में हुए शराब घोटाले से जुड़ा है। इसकी जांच ED कर रही है।
4 जुलाई को ही शराब घोटाला केस के बाकि आरोपी, कारोबारी अनवर ढेबर, त्रिलोक ढिल्लन, एपी त्रिपाठी और नितेश पुरोहित को पेश किया जाएगा। हालांकि हाल ही में सामने आई जानकारी के मुताबिक ढेबर, पुरोहित, ढिल्लन ने बिमारी का दावा करते हुए खुद को जेल से अस्पताल शिफ्ट करवा लिया है।
14 दिन पहले अरविंद को श्मशान से किया गया था अरेस्ट
केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ में शराब गड़बड़ी के केस में फरार शराब कारोबारी अरविंद सिंह को 14 िदन पहले सोमवार के ही दिन दुर्ग के रामनगर मुक्तिधाम में गिरफ्तार कर लिया था। अरविंद की माता कमला देवी का निधन हो गया था, उनके अंतिम संस्कार के लिए अरविंद पहुंचा था।
बीएसपी से 3 साल की छुट्टी में
सूत्रों के मुताबिक अरविंद भिलाई स्टील प्लांट का कर्मचारी है, लेकिन उसने 1 अप्रैल 2020 से 36 महीने यानी 3 साल की छुट्टी ले रखी है। उसे 31 मार्च को ड्यूटी ज्वाइन करनी थी, लेकिन अभी तक ज्वॉइनिंग नहीं दी है। इसके लिए बीएसपी ने भी नोटिस दिया था। छत्तीसगढ़ में शराब गड़बड़ी की जांच कर रही ईडी ने उसे कथित अवैध शराब की ट्रांसोपोर्टिंग की मुख्य धुरी बताया है।

