छत्तीसगढ़

हत्या:बाजार से वापस लौट रहे 2 युवकों की हत्या :आरोपीे ने पहले दोनों को रोका; फिर गाली देकर डंडे से पीट-पीटकर मार डाला

बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक ने 2 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। दोनों युवक बाजार से सामान खरीदकर अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी देवकर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डेहरी मार्ग पर आरोपी ने गालीगलौज करने के बाद दोनों के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को फिलहाल गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बचेड़ी का रहने वाला सुरेश ध्रुव (40 वर्ष) और विनोद यादव (37 वर्ष) शुक्रवार देर रात देवकर के बाजार से सामान खरीदकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। रास्ते में बद्री यादव (30 वर्ष) ने दोनों को रोका। इसके बाद उनके साथ गालीगलौज और विवाद करने लगा। सुरेश और विनोद के साथ आरोपी बद्री की तू-तू मैं-मैं होने लगी। जिसके बाद सिरफिरे युवक बद्री ने अपने पास रखे डंडे से दोनों युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्हें जमकर पीट दिया।

घायल हालत में ले गए अस्पताल

आरोपी ने सुरेश और विनोद के सिर पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिसके कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान होकर घटनास्थल पर ही गिर गए। आसपास के लोगों ने सिरफिरे युवक से दोनों युवकों को छुड़ाया और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने साजा थाना पुलिस को तत्काल सूचना दी और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को देवकर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

देवकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों युवकों के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उससे पूछताछ कर रही है।

आरोपी ने थाने में पुलिसवालों को भी धमकाया

आरोपी को गिरफ्तार कर लाने के बाद वो थाने में मौजूद लोगों को भी धमका रहा है। उसने कहा कि तुम लोग मुझे जानते नहीं हो। थाना प्रभारी विवेक पाटले ने कहा कि आरोपी बद्री यादव नागपुर में हमाली का काम करता था। कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया है। प्रथम दृष्टया इसकी मानसिक हालत ठीक नहीं दिख रही, हालांकि मेडिकल जांच के बाद इस बारे में कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपी पूछताछ में भी सहयोग नहीं कर रहा है और घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button