अंबिकापुर
अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग में अंबिकापुर शहर से लगे चठिरमा मोड़ के पास शुक्रवार की रात एक सड़क दुर्घटना हो गई। शुक्रवार शाम तेज गति की अनियंत्रित स्कार्पियो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में एक स्कूली छात्रा सहित दो लोगों की मौत हो गई।
कार में दो किशोरी एवं तीन युवक सवार थे। स्कार्पियो सवार दो युवक और एक किशोरी को गंभीर चोटें आई हैं। तीनों को अंबिकापुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती किया गया है। घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनिसार, शुक्रवार की रात तेज गति की स्कार्पियो अंबिकापुर से बनारस मार्ग पर जा रही थी। शहर सीमा के नजदीक चठिरमा बेरियर के पास स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई। वाहन सीधे सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो सवार सीटों से उछल गए। स्कार्पियो के सामने के दोनों एयरबैग खुल गए लेकिन सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज आवाज सुनकर आसपास के रह
वासी मौके पर पहुंच गए। वाहन में दो किशोरी और तीन युवक जख्मी हालत में बेसुध पड़े हुए थे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को नजदीक के महावीर हॉस्पिटल, तीन को मिशन अस्पताल एवं एक छात्रा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
3 दिन से घर से गायब थी मृतका
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल छात्रा सारिका मिंज (17) की मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मौत हो गई। मृतका भिट्ठीकला गांव की रहने वाली थी। वह अंबिकापुर के उर्सुलाइन स्कूल में कक्षा 11 वीं की छात्रा थी। जांच में पता चला है कि छात्रा तीन दिन पूर्व बिना किसी को कुछ बताए घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी थी। शुक्रवार रात हादसे में उसकी जान चली गई।
सीसी कैमरों में कैद हुई घटना
उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल एक युवक की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन अन्य का उपचार किया जा रहा है, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस मृतकों व घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल के पास एक घर में लगे सीसी कैमरों में घटना रिकॉर्ड हो गया है ..