रायपुर में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सड़क पर हंगामा कर दिया। व्यापम के जरिए शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाकर आप नेता शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव करने निकले। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से हजारों पदाधिकारी-कार्यकर्ता राजधानी रायपुर पहुंचकर भूपेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका इसे लेकर विवाद भी हुआ।
कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों में झूमाझटकी भी हुई। इस मौके “आप” प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर प्रदेश सरकार नहीं जागी तो पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगे। हुपेंडी ने मुख्यमंत्री कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा, छत्तीसगढ़ के लोग अब चुप बैठने वाले नहीं हैं। हम सब छत्तीसगढ़ के उन युवाओं के उम्मीदों के विश्वास पर खरे उतरेंगे, जो इस परीक्षा में हुई अनियमितता के शिकार हुए हैं।
आम आदमी पार्टी प्रदेश के नौजवानों और बेरोजगारों के लिए लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा, व्यापम में जो घोटाला हुआ है, उसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। अन्यथा “आप” के कार्यकर्ता प्रदेशभर में जंगी आंदोलन करेंगे। दरअसल आप का आराेप है कि व्यापम की परीक्षा में बिना सम्मिलित हुए 99 उम्मीदवार कैसे पास हो गए। सवालों में भी गड़बड़ी थी।
कोमल हुपेंडी ने कहा कि परीक्षा में कुल 183281 लोगों ने आवेदन दिया था, जिसमें से 37105 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में 146176 उपस्थित रहे। मेरिट लिस्ट में 146275 लोगों के नाम हैं। यानी कि परीक्षा में न बैठने वालों लोगों को भी पास कर दिया गया है। प्रदेश के युवाओं के साथ उनके भविष्य के साथ कांग्रेस खिलवाड़ कर रही है।
खरीद-फरोख्त के भी आरोप
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, इस गड़बड़ी में मंत्री, नेताओं और उच्च अधिकारियों की मिलीभगत हो सकती है। बड़े पैमाने पर पदों की खरीद-फरोख्त हुई है, इसलिए मंडल के अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध हो सकती है, इसलिए कांग्रेस सरकार को सहायक शिक्षक की भर्ती में अनियमितता की उच्च स्तरीय जांच कराए और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करे।