रूस-यूक्रेन जंग के बीच पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर मॉस्को गए हैं. पीएम मोदी के रूस दौरे का आज आखिरी दिन है. प्रधानमंत्री मोदी व्लादिमीर पुतिन के साथ आज द्विपक्षीय बैठक करेंगे. पीएम मोदी मंगलवार को जब मॉस्को में भारतीय समुदाय के लोगों से मिले तो उन्हें सालों पुराना बॉलीवुड का गाना याद आ गया- फिर भी दिल है हिंदुस्तानी.
न्यूज डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल रूस दौरे पर हैं। सोमवार को वह मॉस्को के वानुकोवो-2 हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। रूस के उप-प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। सोमवार की रात को पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। मंगलवार को वह मॉस्को में भारतीय समुदाय के लोगों से मिले। यहां उन्होंने एक कार्यक्रम को भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-रूस के संबंधों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही वहां मौजूद लोगों से मोदी सरकार की उपलब्धियों पर भी बात की।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “मैं अपने साथ हिंदुस्तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ हिंदुस्तानियों का प्यार लेकर आया हूं। ये बहुत सुखद है कि तीसरी बार सरकार में आने के बाद भारतीय समुदाय से मेरा पहला संवाद यहां मॉस्को में आपके साथ हो रहा है। (हमारा नेता कैसा हो, मोदीजी जैसा हो के नारे लगे।) आज वैसे 9 जुलाई है। आज मुझे शपथ लिए पूरा एक महीना हुआ है। आज से ठीक एक महीने पहले नौ जून को मैंने तीसरी बार भारत के पीएम पद की शपथ ली थी और उसी दिन मैंने एक प्रण लिया था। मैंने प्रण किया था कि अपने तीसरे कार्यकाल में मैं तीन गुना ताकत से काम करुंगा।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये भी एक संयोग है कि सरकार के कई लक्ष्यों में भी तीन का अंक छाया हुआ है। सरकार का लक्ष्य है तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना। सरकार का लक्ष्य है तीसरे कार्यकाल में गरीबों के लिए तीन करोड़ आवास बनाना। सरकार का लक्ष्य है तीसरे कार्यकाल में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाना। ये लक्ष्य देखने में बड़े लग सकते हैं। लेकिन आप लोगों के होते ये छोटे लगने लगते हैं। आज का भारत जो लक्ष्य ठान लेता है, उन्हें पूरा कर के ही रहता है। आज भारत वो देश है जो चंद्रयान को चंद्रमा पर वहां पहुंचाता है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंचा है। आज भारत वो देश है, जो डिजिटल ट्रांजेक्शन का सबसे बेहतरीन मॉडल दुनिया को दे रहा है। आज भारत वो देश है, जो सोशल सेक्टर की बेहतरीन नीतियों से अपने नागरिकों का सशक्तीकरण कर रहा है। आज भारत वो देश है, जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप ईकोसिस्टम है।
दुनिया कहती है भारत बदल रहा है: पीएम मोदी
जब भारत जी20 का आयोजन करता है, तो दुनिया एक स्वर में बोलती है कि- ‘अरे भारत तो बदल रहा है।’ पीएम मोदी ने कहा, “जब 10 साल में भारत अपने एयरपोर्ट की संख्या को बढ़ाकर दोगुना कर देती है, तब दुनिया कहती है कि भारत बदल रहा है। जब भारत सरकार 40 हजार किमी से ज्यादा रेल लाइन का विद्युतीकरण कर देता है तो दुनिया को भी भारत की ताकत का अहसास होता है। उन्हें लगता है देश बदल रहा है। आज जब भारत डिजिटल पेमेंट का रिकॉर्ड बना रहा है। आज जब भारत एल1 पॉइंट से सूरज की परिक्रमा पूरी करता है। आज जब भारत दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाता है। आज जब सबसे ऊंचा स्टैच्यू बनाता है, तब दुनिया कहती है भारत बदल रहा है।”