नई दिल्ली: देश की सत्ताधारी पार्टी भाजपा इन दिनों जहां एक ओर बिहार चुनाव की तैयारियों में ताबड़तोड़ तरीके से भिड़ी हुई तो दूसरी ओर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तैयारियां भी जोरों पर है। माना जा रहा है कि जल्द ही भाजपा अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर सकती है। हालांकि कयासों का दौर भी जोरों से चल रहा है। लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार चार लोगों के नाम का पैनल तय हो चुका है और 15 अगस्त के बाद नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान किया जा सकता है। बता दें कि पार्टी के वैचारिक मार्गदर्शक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने भाजपा नेतृत्व को सुझाव दिया है कि ऐसा उम्मीदवार चुना जाए जिसे संगठनात्मक अनुभव हो और जिसकी पार्टी के भीतर निष्पक्ष छवि हो।
सूत्रों की मानें तो भाजपा ने 4 संभावित नामों का पैनल तैयार कर लिया है, जिसमें पहला नाम सामने आता है ओडिशा से आने वाले धर्मेंद्र प्रधान का, जो कि केंद्र सरकार में मंत्री हैं और उनके पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। इस रेस में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी शामिल हैं, जिन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मोदी सरकार में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम की भी चर्चा है, जिनके पास जनाधार से साथ-साथ संगठन मजबूत पकड़ है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में हाल ही में एक और नेता का नाम जुड़ा है। बीडी शर्मा भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और संगठन में उनकी गहरी पैठ मानी जाती है। इन सभी नामों को संगठनात्मक अनुभव और व्यापक स्वीकार्यता के आधार पर चुना गया है।
पार्टी की योजना है कि पहले भाजपा की केंद्रीय परिषद की बैठक बुलाई जाए, जहां चारों नामों में से एक पर सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी। द न्यू इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी एक रिपोर्ट में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से कहा, “अब लगभग तय माना जा रहा है कि भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम 15 अगस्त के बाद घोषित होगा।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के प्रभारी डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि 10 राज्यों में संगठनात्मक चुनाव पूरे किए जा रहे हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा बाकी है। अभी नाम घोषित करने के लिए कोई अंतिम समयसीमा तय नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए देशभर के 10 लाख से अधिक बूथों पर मतदान कराया जाएगा। आपको बता दें कि भाजपा ने 10 लाख बूथों में से 7.5 लाख बूथ प्रभारी नियुक्त कर लिए हैं।