ई दिल्ली-भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में गुरुवार (26 दिसंबर) को निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। पूर्व पीएम के निधन के संबंध में दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने एक प्रेस रिलीज जारी की, जिसमें बताया गया, ”अत्यंत दुःख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना देते हैं। उनकी आयु-संबंधी चिकित्सा स्थितियों का उपचार किया जा रहा था और 26 दिसंबर 2024 को घर पर ही उन्हें अचानक बेहोशी आ गई। घर पर तुरन्त उन्हें बचाने के उपाय शुरू किए गए। उन्हें रात 8:06 बजे नई दिल्ली के एम्स के मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पूर्व पीएम के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर देश के कई बड़े नेताओं और हस्तियों ने दुख व्यक्त किया है। भारत सरकार ने आज (27 दिसंबर) के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार शनिवार (28 दिसंबर) को होने की उम्मीद है। मनमोहन सिंह का जन्म 1932 में पंजाब में हुआ था। वह 2004 से 2014 तक लगातार दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाले एनडीए के खिलाफ 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पहली बार पीएम पद की शपथ ली थी। उन्होंने 2009 से 2014 तक अपना दूसरा कार्यकाल पूरा किया। उसके बाद 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी ने उनकी जगह ली। 33 साल तक सेवा देने के बाद वे इस साल की शुरुआत में राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो गए थे।
पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दुख जताया। उन्होंने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन विरल राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान रूप से सहजता से काम किया। सार्वजनिक कार्यालयों में अपनी विभिन्न भूमिकाओं में, उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं भारत के महानतम सपूतों में से एक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है. मनमोहन सिंह ने गुरुवार (26 दिसंबर 2024) को दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली. पीएम मोदी ने कहा, मनमोहन सिंह ने हमारे प्रधान मंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए.
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मनमोहन सिंह के निधन पर कहा, भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में मुझे डॉ. मनमोहन सिंह के निवास पर उनके साथ सार्थक और गहन बातचीत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। अर्थव्यवस्था की उनकी गहरी समझ, नम्र व्यवहार और भारत की प्रगति के प्रति अटूट समर्पण हमेशा मेरी स्मृति में अंकित रहेंगे।
मनमोहन सिंह के निधन पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए कहा, पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद और भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार (28 दिसंबर) को हो सकता है। इसकी आधिकारिक घोषणा शुक्रवार को की जा सकती है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार देर रात दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, “पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार परसों होगा। हम आधिकारिक तौर पर घोषणा करेंगे…” पूर्व पीएम का पार्थिव शरीर गुरुवार देर रात एम्स से उनके आवास पर ले जाया गया था, जहां परिवार को ढांढस बंधाने के लिए राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे कांग्रेस के दिग्गज नेता पहुंचे थे।
[थम ]पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह का निधन..