रायपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले आजादी का भव्य जश्न मनाया गया। साइंस कॉलेज ग्राउंड में शुक्रवार को मेरी शान-वंदे मातरम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सुबह-सुबह हजारों लोगों ने एक साथ वंदे मातरम गीत गाया। इस अभियान को वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भी भेजा गया है।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई। इसका आयोजन ओम मंडली वसुदेव कुटुंबकम संस्था ने किया। जिसके आयोजक रोहित सिंह थे। कार्यक्रम में बतौर अतिथि परमवीर चक्र विजेता एलओसी करगिल वार के हीरो योगेंद्र सिंह यादव भी पहुंचे। साथ ही विशेष अतिथि महंत राम सुंदर दास भी मौजूद रहे।
परमवीर चक्र योगेंद्र सिंह यादव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ की इस धरती से देश के वीर शहीदों को नमन करता हूं। इस तरह राष्ट्रभक्ति के पथ पर यूथ को हमेशा आगे बढ़ना चाहिए। देश का युवा राष्ट्र निर्माण में इसी भाव के साथ आगे बढ़ेगा तो यह देश सुपरपावर जरूर बनेगा।
कार्यक्रम के मंच पर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय एक साथ दिखे। सभी ने हाथ जोड़कर वंदे मातरम गीत गाया। कार्यक्रम के पहले एक तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। इसके अलावा अलग-अलग स्कूल कॉलेज से बच्चे भारत माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पोशाक पहनकर ग्राउंड पर दिखे। देखते ही देखते पूरा ग्राउंड लोगों की भीड़ से भरा नजर आया। सभी ने देश की आजादी के लिए मर मिटने वालों को याद किया। इस दौरान वंदे मातरम गीत गाते हुए लोग भावुक भी हुए। कार्यक्रम में अमित चिमनानी, जयंती पटेल, अमित साहू, किशोर महानंद, अमरजीत छाबड़ा समेत बीजेपी-कांग्रेस के कई नेता शामिल रहे।