छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के प्रमुख सचिव रहे अमन सिंह के खिलाफ केस को बंद कर दिया गया है। आय से अधिक संपत्ति का कोई मामला नहीं बनने के बाद रायपुर निचली अदालत ने EOW-ACB की ओर दायर क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया है।
एक आरटीआई कार्यकर्ता के दावे के आधार पर पिछली कांग्रेस सरकार के समय उन पर FIR दर्ज की गई थी। 3 साल बीत जाने के बाद भी EOW-ACB सिंह और उनकी पत्नी के खिलाफ आरोपों को साबित करने में विफल रही।
दिसंबर में क्लोजर रिपोर्ट दायर हुई थी
भाजपा सरकार के सत्ता में आने से पहले पिछले साल दिसंबर में राज्य सरकार की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने क्लोजर रिपोर्ट दायर की थी। ट्रायल कोर्ट ने अब क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार कर ली है और एफआईआर रद्द कर दी है। भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी अमन सिंह, छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव थे।
वकील ने कहा- पिछली सरकार ने FIR का गलत इस्तेमाल किया
वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने अमन सिंह के ओर से पैरवी की थी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने ईमानदार अधिकारी अमन सिंह और उनकी पत्नी यास्मीन सिंह, एक प्रसिद्ध कलाकार को गलत तरीके से निशाना बनाने के लिए एफआईआर का गलत इस्तेमाल किया।