दिल्ली में हुई मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय भी शामिल हुए। दो दिन शनिवार और रविवार को हुई इस बैठक में मुख्यमंत्रियों की स्पेशल क्लास लगी। इसे PM नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। बैठक के दौरान CM साय ने प्रदेश में चल रही योजनाओं को लेकर प्रेजेंटेशन भी दिया।
इस बीच एक तस्वीर भी सामने आई है। इसमें गोल मेल पर PM मोदी के बेहद करीब CM साय बैठे दिखाई दे रहे हैं। ये तस्वीर परिषद की बैठक के दौरान लंच समय की है। इसमें अन्य प्रदेश के CM भी थे। हालांकि फोटो शूट के दौरान PM मोदी के पास ही CM साय को जगह दी गई।
मुख्यमंत्री साय ने बैठक के दौरान PM मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उप मुख्यमंत्रियों अरुण साव और विजय शर्मा के साथ प्रदेश भाजपा प्रभारी रहे और अब राज्यपाल बनाए गए ओम माथुर से भी साय मिलने पहुंचे। बैठक में भाजपा शासित प्रदेश के CM और डिप्टी CM गए थे।
पीएम मोदी ने बैठक में गुड गवर्नेंस पर जोर दिया और सभी राज्यों से कहा कि वे एक दूसरे की बेस्ट प्रैक्टिस के मॉडल को लागू करें। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की सभी योजनाओं के 100 प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए मिशन मोड में कार्य करने के लिए कहा।
बैठक में एनडीए शासित कुल 16 राज्यों के 13 मुख्यमंत्री और 15 डिप्टी सीएम शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, राज्यों के मुख्यमंत्री अपने काम का हिसाब-किताब दिया। उन्हें पार्टी की ओर से एक फॉर्मेट दिया गया जिसमें अपने कार्यकाल की उपलब्धियां बताने को कहा गया। साथ ही उन योजनाओं को भी बताने को कहा गया, जिसे वह अब तक लागू नहीं कर पाए हैं।
PM मोदी की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रमुख योजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में हम महिलाओं, युवाओं, आदिवासियों, किसानों, और नक्सल उन्मूलन के लिए कई प्रोजेक्ट चला रहे हैं। CM से आम लोगों में शासन के प्रति फीडबैक क्या है ये भी पूछा गया। राजनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी भी PM मोदी की टीम ने ली है।
मुख्यमंत्री ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि राज्य में ग्रामीण और आदिवासी वर्ग में शासन में विश्वास भी बढ़ा है। महतारी वंदन योजना में 70 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता दे रहे हैं। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चल रही नियद नेल्ला नार (आपका अच्छा गांव) योजना के बारे में भी बताया।
नक्सल इलाकों में नए स्थापित कैंपों के आसपास के 5 गांवों को राज्य के 17 विभागों की 53 योजनाओं से जोड़ा गया है। बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 1 करोड़ 51 लाख पौधों की रोपाई की जानकारी दी।