रायपुर-राजधानी रायपुर में देश के पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ अटलबिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि मनाई गई। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, कार्यालय प्रभारी नरेशचंद्र गुप्ता सहित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने अटलजी की फोटो पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जम्वाल ने कहा कि भारत रत्न प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने आधुनिक भारत की नींव रखी थी। तीन बार देश का प्रधानमंत्री बनने के साथ ही उन्होंने भारत की राजनीतिक अस्थिरता को दूर किया था। देश को सुशासन, इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण विकास का मॉडल अटल जी ने ही दिया था। उन्होंने भारतीय राजनीति को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाया।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री साय ने पूर्व पीएम को भारतीय राजनीति का अजातशत्रु बताते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में अटलजी की पहचान एक सर्वमान्य चेहरे के रूप में थी। स्वतंत्र भारत में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सान्निध्य में अटल जी ने अपने सार्वजनिक जीवन का शुभारंभ किया था। अटल जी को लगातार 10 बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा में जाने का अवसर प्राप्त हुआ था।