सिमगा-छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार की रात कबीर पंथ के गुरु प्रकाश मुनि साहेब के आश्रम दामाखेड़ा में पटाखा-बम और पत्थर से हमला किया गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी, डंडा और बम-पटाखों के साथ आश्रम में घुस गए। उपद्रवियों ने प्रकाश मुनि के बेटे उदित मुनि को जान से मारने की धमकी भी दी है।
16 गिरफ्तार
आरोप है कि उदित मुनि से गाली-गलौज भी की गई। बढ़ते बवाल के बीच गृहमंत्री विजय शर्मा और पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा को आधीरात दामाखेड़ा आश्रम पहुंचना पड़ा। आश्रम के अंदर बम और पत्थरबाजी से तनाव की स्थिति थी, जिसे पुलिस ने कंट्रोल किया। फिलहाल 16 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
सिमगा पुलिस के मुताबिक 1 नवंबर की रात पटाखे जलाने को लेकर बहसबाजी हुई। करीब 9:45 बजे किसी ने आश्रम के अंदर पटाखा फेंका, जिससे विवाद की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे कुछ ग्रामीण लाठी, डंडा और बम पटाखों के साथ आश्रम में जबरन घुस गए। आश्रम में सुरक्षा के नजरिए से बड़ी संख्या में फोर्स तैनात की तैनाती की गई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज दामाखेड़ा पहुंचे। वहां पंथ श्री 108 हूजुर प्रकाशमुनि नाम साहेब से भेंटकर कबीर आश्रम पर हुए हमले पर चर्चा की। बैज ने कहा कि कबीर आश्रम दामाखेड़ा पर दर्जनों हथियारबंद लोगों ने हमला किया।वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहेब पर हत्या की नीयत से किया गया हमला दुःखद है। इस सरकार में हमारे संत और धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं।
दामाखेड़ा जाने से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा था कि दामाखेड़ा कबीरपंथियों की आस्था का केंद्र है। रात में अज्ञात लोगों ने वहां हमला किया। यह बहुत निंदनीय घटना है। हम अभी दामाखेड़ा जा रहे हैं। वहां आश्रम के लोगों से चर्चा करेंगे।
दामाखेड़ा में हमले को लेकर कांग्रेस 3 नवंबर को प्रदेशभर में धरना प्रदर्शन करने जा रही है। हर जिले में विरोध प्रदर्शन होगा। कांग्रेस ने कहा कि दामाखेड़ा कबीर आश्रम पर दर्जनों हथियारबंद लोगों ने वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहेब की हत्या की नीयत से हमला किया। मामले में भी कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।
सरपंच पति समेत अन्य के खिलाफ FIR
सिमगा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने धारा 191(2), 193(3), 190, 331, 296, 351(3), 298 भादंसं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकाश मुनि की शिकायत पर पुलिस ने दामाखेड़ा के सरपंच पति समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है।
मामले में SDOP एश्वर्य चंद्राकर ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने हुज्जत-बाजी की है। आश्रम के अंदर बम-पटाखे फेंके गए हैं। फटाखे जलाने को लेकर ग्रामीणों और उदित मुनि के बीच विवाद हुआ था। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। अभी स्थिति नियंत्रण में है।