-उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी को फोन कर घर बुलाया और चार भाइयों-पिता के साथ मिलकर अपने हाथ से उसका प्राइवेट पार्ट काट डाला। परिजनों को जानकारी हुई तो घायल अवस्था में पीड़ित को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गुलहरिया थाना क्षेत्र के सरैया बाजार गांव में बुधवार की देर रात ये वारदात अंजाम दी गई। पीड़ित के पिता बसंत लाल ने बताया कि उनका बेटा मिथुन कुमार 22 साल का है। पड़ोस में रहने वाले जयकरण से उनकी पहले से बातचीत बंद है, लेकिन उसकी लड़की और मेरे बेटे के बीच पिछले 2 साल से बातचीत होती थी। जानकारी होने पर मैंने कई बार मना भी किया, लेकिन बुधवार की रात दौरी (कृषि कार्य) कराने के बाद मिथुन गांव में बने दूसरे मकान पर सोने चला गया।
इस दौरान जयकरन की बेटी ने धोखे से मेरे बेटे को अपने घर में बुलाया, जहां पहले से ही उसके चार बेटे मौजूद थे। जिन्होंने मेरे बेटे को जबरदस्ती पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। चारों ने उसके हाथ पांव पर पकड़ कर लड़की से ही बेटे का प्राइवेट पार्ट ब्लेड से कटवा दिया और लहूलुहान अवस्था में उसे घर के बाहर फेंक दिया। गांव के ही एक व्यक्ति से सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचा तो बेटा लहूलूहान स्थिति में पड़ा था। तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज लाया। जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है। डॉक्टर का कहना है कि खून ज्यादा बह गया है, जिसकी वजह से मरीज बार-बार बेहोश हो जा रहा है।
गांव में चर्चा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रंसग पहले से चल रहा था। लड़की, लड़के से लगभग 8 साल बड़ी है। लड़की के परिजनों को भी यह बात पता थी, वह लगातार विरोध करते थे। बुधवार को लड़की ने फोन करा मिथुन को घर बुलाया गया और चारों भाइयों ने मिलकर अपनी बहन के हाथों प्रेमी का प्राइवेट पार्ट कटवा दिया।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी का कहना है कि मामला संज्ञान में है। दोनों तरफ से तहरीर मिली है। लड़की ने तहरीर में लिखा है कि लड़का जबरन घर में घुस आया था। वहीं लड़के के परिजनों की तरफ से मिली तहरीर में उसके साथ धोखे से ऐसा किए जाने की बात लिखी गई है। दोनों ही आधार पर जांच की जा रही है।

