छत्तीसगढ़ में नई सरकार आने के बाद पिछली सरकार में हुई निगम मंडलों की नियुक्तियों को रद्द करने का आदेश जारी किया गया था। जिसके बाद अब अलग-अलग विभागों में सेवा समाप्ति के आदेश भी जारी कर दिए हैं। इस कड़ी में रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सूर्यमणि मिश्रा और शिव सिंह ठाकुर के अलावा सदस्य ममता राय, मुकेश साहू और चंद्रवती साहू की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।
इसके अलावा सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण अध्यक्ष सतीश जग्गी की भी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई। बता दें कि इससे पहले सामान्य प्रशासन विभाग ने छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडलम के अध्यक्ष और सदस्य की नियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है। इसके अलावा मदरसा बोर्ड के अल्ताफ अहमद और मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और छह सदस्यों की नियुक्ति को भी रद्द कर दिया गया। इनकी नियुक्ति कांग्रेस सरकार में हुई थी।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने क बाद कुछ नेताओं ने खुद ही इस्तीफा दे दिया था। कुछ नेता अभी भी पदों पर बने हुए थे। अब मंत्रिमंडल के गठन के बाद नए सिरे से मंडल और निगम में पद बांटे जाएंगे।
बृहस्पत सिंह को हटाकर रामविचार नेताम को दी गई जिम्मेदारी
सामान्य प्रशासन विभाग ने एक आदेश जारी कर सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण से कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह को हटा दिया है। उनकी जगह मौजूदा विधायक रामविचार नेताम को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
इनमें होगी नियुक्तियां
छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम, राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम, छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम, छत्तीसगढ़ राज्य पाठ्य पुस्तक निगम, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग, छत्तीसगढ़ राज्य गौ-सेवा आयोग, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग, छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग,
अन्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण, अनुसूचित जाति प्राधिकरण, राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण, रायपुर विकास प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स), छत्तीसगढ़ राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल, छत्तीसगढ़ राज्य हस्त शिल्प विकास बोर्ड, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य वनौषधि पादप बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड आदि।



